जय बदरीविशाल के जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट

  • इस वर्ष 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
  • मंगलवार को पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ के लिए रवाना होंगी देव डोलियां, शीतकालीन पूजा स्थलों पर शुरू होंगे दर्शन

गोपेश्वर(चमोली)। भगवान बदरीविशाल के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम की छह माह तक चलने वाली ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया था और सेना के बैंड की धुनों के बीच धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया।

कपाट बंद होने से पहले सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के द्वार खोले गए। भगवान का अभिषेक और श्रृंगार कर नियमित दर्शन शुरू हुए। दिनभर श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। शाम आठ बजे से कपाट बंद करने की विशेष प्रक्रिया शुरू हुई। रावल अमरनाथ नंबूदरी ने परंपरा के अनुसार स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को उनके मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके बाद भगवान की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।

रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के बाद धाम में ठंड बढ़ गई थी। आसपास की चोटियों पर बर्फ जमी रही, हालांकि सोमवार को मौसम साफ होने से श्रद्धालुओं को राहत मिली। कपाट बंद होने के मौके पर सेना और दानीदाताओं की ओर से भंडारे भी लगाए गए।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने यात्रा से जुड़े सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले विभागों, संस्थाओं और तीर्थ पुरोहितों का आभार जताया।

पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ में होगी शीतकालीन पूजा

कपाट बंद होने के बाद मंगलवार को भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां सेना के बैंड के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। यहां शीतकाल में दोनों देवताओं की पूजा-अर्चना होगी। वहीं, भगवान गरुड़ की प्रतिमा और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेगी। गरुड़ जी मंगलवार को सीधे ज्योतिर्मठ रवाना होंगे, जबकि रावल और नायब रावल शंकराचार्य की गद्दी के साथ पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। 18 नवंबर को शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू हो गई थीं। 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया और उन्हें गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया गया। इससे पहले आदि केदारेश्वर सहित अन्य सहवर्ती मंदिरों के कपाट भी बंद कर दिए गए थे। सोमवार को माता मूर्ति मंदिर और भविष्य बदरी सुभाई के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर और केदारनाथ व यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को बंद हो चुके हैं। अब श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पौड़ी गढ़वाल : 81 किलो गांजा तस्करी मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

Tue Nov 17 , 2026
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई प्रभावी बनाने तथा माननीय न्यायालयों से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों (NBW) की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।   उक्त […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!