जनता दर्शन में डीएम स्वाति एस. भदौरिया सख्त, दो साल पुराने पशुक्षति मुआवजे पर वन विभाग को फटकार

  • पेयजल लाइन की मरम्मत आज ही कराने के निर्देश, खोह नदी के पास पुश्ता निर्माण तत्काल शुरू करने को कहा; लंबित शिकायतों के निस्तारण की भी परखी प्रगति

पौड़ी। जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सख्त रुख अपनाया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं, जांच एवं अन्य कार्रवाई से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व में जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की प्रगति भी परखी।

दो साल पुराने पशुक्षति मुआवजे पर वन विभाग से जवाब तलब

जनता दर्शन में दो वर्ष पुराने पशुक्षति के मामले में अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने वन विभाग को प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कर प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि संबंधित दस्तावेज विभागीय स्तर पर खो गए हैं तो इसकी जिम्मेदारी भी वन विभाग की होगी। पीड़ित को अनावश्यक रूप से विभागों के चक्कर नहीं कटवाए जाने चाहिए।

पेयजल लाइन आज ही ठीक करने और पुश्ता निर्माण शुरू कराने के निर्देश

बीजीआर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से दो दिनों से जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत पर डीएम ने जल संस्थान को तत्काल समन्वय स्थापित कर उसी दिन लाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

कोटद्वार में खोह नदी के समीप पुश्ता ढहने की शिकायत पर संबंधित विभाग को तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा। खोला गांव में लाइनमैन की अन्यत्र ड्यूटी लगाए जाने से स्थानीय स्तर पर कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने की शिकायत पर उन्होंने तत्काल कर्मचारी तैनात करने और स्थानीय स्तर पर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, कोटद्वार में टेलीफोन के तार झूलने की शिकायत पर संबंधित विभाग को तारों की मरम्मत कराने को कहा। सड़क, बिजली और पेयजल से जुड़ी अन्य शिकायतों के भी त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

अधिकारियों को लंबित शिकायतों का नियमित फॉलोअप करने की हिदायत

पूर्व में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को धरातल पर राहत मिलनी चाहिए। प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाए और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न करे।

शिकायतों पर कार्रवाई के लिए विभागों ने उठाए ठोस कदम

जिलाधिकारी की पहल पर जनता दर्शन एवं जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में समस्त कांडई गांव के ग्रामीणों ने माता मंदिर मार्ग पर सीवेज का गंदा पानी बहने की शिकायत की थी। नगर पालिका की जांच में एक आवासीय भवन के सोक पिट से रिसाव पाया गया, जिस पर संबंधित व्यक्ति को नगर पालिका अधिनियम की धारा 376 के तहत नोटिस जारी किया गया है।

पौड़ी गांव में पेयजल रिसाव, क्षतिग्रस्त नालियों और आवारा सुअरों से संबंधित शिकायतों का नगर पालिका एवं जल संस्थान ने निस्तारण कर दिया है। यमकेश्वर के गुमालगांव में वन्यजीवों के आतंक की शिकायत पर वन विभाग ने पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ा, जबकि लंगूर को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा गया।

कल्जीखाल के फल्दा मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। द्वारीखाल में किसान पेंशन से संबंधित शिकायत पर ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई गई है। वहीं, हिंसरिया मोहल्ले में बदरीनाथ धर्मशाला के आसपास खुले में सुअर छोड़े जाने की शिकायत पर नगर पालिका ने तीन सुअर पालकों को नोटिस जारी कर सुअरों को निर्धारित बाड़े में रखने के निर्देश दिए हैं।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

जनता दर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत (सेनि.), मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, एडीएसटीओ रणजीत रावत, अधिशासी अभियंता लोनिवि रीना नेगी, ग्रामीण निर्माण विभाग के लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एआरटीओ एनके ओझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जिला सूचना कार्यालय में ‘‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’’ विषय पर गोष्ठी आयोजित

Tue Nov 17 , 2026
देहरादून : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में जिला सूचना कार्यालय परिसर में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय ‘‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’’ पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में उपस्थित पत्रकारों ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!