कंडोलिया-टेका मार्ग पर क्रॉस कंट्री में दौड़े 123 खिलाड़ी, सीडीओ अशोक जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया प्रतियोगिता का शुभारंभ

पौड़ी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कंडोलिया से टेका मार्ग पर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग में कुल 123 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए दो किलोमीटर, अंडर-17 वर्ग के लिए तीन किलोमीटर और ओपन वर्ग के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाई।

खेलों से युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। युवाओं को मेहनत और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।

अंडर-14 में अर्णव और विधि ने मारी बाजी

अंडर-14 बालक वर्ग में अर्णव सिंह नेगी ने प्रथम, प्रियांशु गुसाईं ने द्वितीय और दक्ष बिष्ट ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में विधि रावत प्रथम, सुहाना रावत द्वितीय और अनोखी बिष्ट तृतीय रहीं।

अंडर-17 बालक वर्ग में अर्जुन सिंह ने प्रथम, अर्जुन चौहान ने द्वितीय तथा अमन बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में सिमरन बिष्ट प्रथम, खुशबू द्वितीय और महक तृतीय स्थान पर रहीं।

ओपन वर्ग में आयुष और अनुष्का अव्वल

ओपन बालक वर्ग में आयुष ने प्रथम, आदित्य नेगी ने द्वितीय तथा निशांत नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन बालिका वर्ग में अनुष्का बिष्ट ने प्रथम, काजल कुकरेती ने द्वितीय और आकृति बिष्ट ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

‘युवा संवाद’ में सीएम धामी ने कहा- पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के जरिए उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे

Fri Aug 14 , 2026
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान, तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में रोजगार की नई संभावनाओं तथा देहरादून में यातायात […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!