पिथौरागढ़ को 284 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

 

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनपद को 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 67 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण तथा 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास से जुड़ी नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि सीमांत क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से आम लोगों को सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

आदि कैलाश यात्रा से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद इस क्षेत्र के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यवसायों से जुड़े लोगों की आय बढ़ने के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में धार्मिक और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इन संभावनाओं को विकसित कर स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हुई है।

750 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित हो रहा मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज विकसित किया जा रहा है, जहां एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत जनपद के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क एवं पुल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और प्रसिद्ध हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा। इसके साथ ही पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं को रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। उनके अनुसार, पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए संचालित लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और दंगा विरोधी कानून जैसे फैसले राज्य के हित में लिए गए हैं। ऑपरेशन कालनेमि के तहत फर्जी पहचान के जरिए लोगों को भ्रमित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

स्वास्थ्य, सड़क और शिक्षा से जुड़ी नौ घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए नौ घोषणाएं कीं। इनमें नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स कार्य तथा चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण और चौड़ीकरण शामिल है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय और अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की गई। इसके अलावा मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति देने, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य कराने, ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग बनाने और ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण कराने की घोषणा भी की गई।

इन घोषणाओं से जिले में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा, पेयजल और धार्मिक स्थलों से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद है।

स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को मिले चेक

कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मुख्यमंत्री को हस्तशिल्प से निर्मित ‘सत्यमेव जयते’ की कलाकृति और बाबा नीम करौली की तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को नेत्र चिकित्सा से जुड़ी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी एवं हेमराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भराड़ीसैंण में उमेश कुमार का बड़ा ऐलान, विधायकी से देंगे इस्तीफा

Fri Oct 30 , 2026
हरिद्वार की लड़ाई सदन में नहीं लड़ पाने और विपक्ष से सहयोग न मिलने का लगाया आरोप। बोले- महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ करेंगे संघर्ष। 8 से 10 सीटों पर चुनाव लड़ाने की तैयारी।  गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के पहले ही दिन […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!