मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को ठोस रणनीति बनाए वन विभाग : डॉ. धन सिंह रावत

  • गुलदार प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश, ग्रामीणों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

पौड़ी। जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वन विभाग को ठोस रणनीति के साथ काम करने के निर्देश दिए। पौड़ी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने गुलदार प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, वन विभाग की टीमों को सक्रिय रखने और नियमित गश्त बढ़ाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संवेदनशील गांवों में बढ़ाई जाए गश्त, जरूरत पर लगाएं पिंजरे

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुलदार प्रभावित गांवों में वन विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहें। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त के साथ वन्यजीवों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। आवश्यकता के अनुसार पिंजरे लगाए जाएं और गुलदार को पकड़ने के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि संभावित खतरे को देखते हुए समय रहते एहतियाती कदम उठाना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को किसी अनहोनी का सामना न करना पड़े।

अल्पकालिक उपायों के साथ बने दीर्घकालिक कार्ययोजना

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए केवल तात्कालिक उपाय पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करनी होगी। प्रभावित क्षेत्रों में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित किया जाए, जिससे संभावित खतरे की समय रहते जानकारी मिल सके और तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने ग्रामीणों को वन्यजीवों की गतिविधियों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखण्ड : NDA परीक्षा में जतिन सिंह भाट ने हासिल की ऑल इंडिया 11वीं रैंक

Tue Nov 10 , 2026
खटीमा : सीमांत क्षेत्र खटीमा के युवा जतिन सिंह भाट ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सैनिक कॉलोनी अमाऊं निवासी जतिन ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया 11वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!