आपदा पुनर्वास कार्यों में देरी पर डीएम नाराज, अधिकारियों को दिए तेजी लाने के निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के नन्दानगर और थराली क्षेत्र में आपदा से हुई क्षति के पुनर्वास, पुनर्निर्माण एवं राहत कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को आपदा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने तथा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त आवासों, सड़कों, पैदल मार्गों, पेयजल योजनाओं और अन्य पुनर्वास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दकिशोर जोशी ने बताया कि थराली क्षेत्र के रामलीला मैदान, अपर बाजार और चैपड़ों की तीन महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा योजनाओं को शासन स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सिंचाई विभाग जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू किया जाएगा। बताया कि तहसील नन्दानगर, नारायणबगड़ एवं जिलासू क्षेत्र के 32 प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास के लिए 109.75 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। पात्र परिवारों को प्रथम किस्त भी वितरित कर दी गई है। इसके अलावा आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों, पेयजल लाइनों, सड़कों और पैदल मार्गों के मरम्मत कार्यों के लिए एसडीआरएफ मानकों के अनुरूप धनराशि संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है। बताया कि थराली और नन्दानगर के प्रभावित क्षेत्रों से मलबा हटाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं नन्दानगर के मोख और सेरा क्षेत्रों में मोक्ष नदी के चैनलाइजेशन का कार्य भी पूरा हो चुका है।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और नगर पंचायत के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, चमोली के एसडीएम राजकुमार पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी केके पंत समेत विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बद्रीनाथ-जोशीमठ मार्ग पर टला बड़ा हादसा, झारखण्ड के यात्रियों की बस का ब्रेक फेल

Sun Jun 14 , 2026
जोशीमठ: बद्रीनाथ-जोशीमठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बद्रीनाथ से हरिद्वार जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस के बिनाकुली गांव के पास अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ और समय रहते हुए राहत-बचाव प्रयासों के चलते बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!