कोटद्वार में कूड़ा फेंकने वालों पर निगम की सख्ती, फोटो खींचकर व्हाट्सएप नंबर पर फोटो वीडियो भेजने वालों को मिलेगा इनाम

कोटद्वार: स्वच्छता को लेकर नगर निगम कोटद्वार अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर की सड़कों, नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ निगम ने नई पहल शुरू की है। अब यदि कोई व्यक्ति सड़क या सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा फेंकते हुए दिखाई देता है और उसकी साफ फोटो या वीडियो किसी नागरिक द्वारा नगर निगम को भेजी जाती है, तो सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम दिया जाएगा। वहीं कूड़ा फेंकने वाले पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।

नगर आयुक्त पीएल शाह ने इस नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग सफाई अभियान चलने के बावजूद चोरी-छिपे सड़क किनारे, नालों और खाली स्थानों पर कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

नगर आयुक्त ने बताया कि निगम ने इसके लिए अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 8126796061 जारी कर दिया है। इस नंबर पर कोई भी नागरिक कूड़ा फेंकते हुए व्यक्ति की स्पष्ट फोटो या वीडियो भेज सकता है। फोटो या वीडियो इतनी साफ होनी चाहिए कि संबंधित व्यक्ति की पहचान आसानी से की जा सके।

उन्होंने कहा कि यदि भेजी गई फोटो या वीडियो के आधार पर कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान हो जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसे 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

नगर निगम का मानना है कि इस पहल से शहर में गंदगी फैलाने वालों पर रोक लगेगी और लोग सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचेंगे। नगर आयुक्त पीएल शाह ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोटद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में शहर में स्वच्छता अभियान को और तेज किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के कपाट खुले

Sat May 23 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए सिख परंपराओं के अनुसार खोल दिए गए हैं। इस अवसर पर देश भर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरूद्वारे में मत्था टेका। गुरुद्वारे के कपाट खुलने के बाद श्री हेमकुंड साहिब में 12 बजकर 30 मिनट […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!