सीईसी के खिलाफ गोपेश्वर में कांग्रेस का हल्लाबोल

  • पुतला फूंका, बस स्टैंड से कलेक्ट्रेट तक निकाला विरोध मार्च
  • ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और पद से हटाने की मांग

गोपेश्वर (चमोली)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध सोमवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में सड़कों पर उतर आया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड तिराहे पर सीईसी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां भी प्रदर्शन और नारेबाजी की गई। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला और कर्णप्रयाग के पूर्व विधायक प्रत्याशी मुकेश नेगी की अगुवाई में हुआ। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और इनकी निष्पक्ष एवं स्वतंत्र समीक्षा जरूरी है। कांग्रेस की ओर से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल गिरफ्तार करने और पद से हटाने की मांग की गई। पार्टी ने उनके कार्यकाल में लिए गए सभी निर्णयों और मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग भी रखी। कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने कुछ देर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। ऐसे में मतदाता सूचियों में किसी भी तरह के बदलाव को लेकर उठ रहे सवालों की स्वतंत्र जांच और समीक्षा होनी चाहिए। पार्टी ने निर्वाचन आयोग के फैसलों की समीक्षा की मांग को राष्ट्रपति के समक्ष रखा है।

प्रदर्शन में बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि मतदाता सूची में बदलाव और निर्वाचन आयोग के फैसलों को लेकर जनता के बीच उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। कर्णप्रयाग के पूर्व विधायक प्रत्याशी मुकेश नेगी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी विवाद की स्वतंत्र समीक्षा होनी चाहिए।

इस दौरान दशोली के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र नेगी, संदीप कुमार पटवाल, जिला महामंत्री संदीप झिंक्वान, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, जिला प्रवक्ता तेजवीर कड़ेरी, सोशल मीडिया प्रभारी डॉ. विजय हिंदवाल, जिला सचिव योगेंद्र बिष्ट, मनमोहन ओली, भगत कनियाल, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेश महामंत्री गौरव फरस्वाण,  हरीश चैहान, मनीष नेगी, राजेंद्र सिंह रावत, अनीता नेगी, शिवलाल आर्य, कुंदन बिष्ट, जयपाल कोहली, भवानी लाल, किशन लाल, पूनम रावत, रणजीत लाल, लीला रावत, विजया कंडारी आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सीमित साधन, बड़े सपने… चमोली के सरकारी स्कूलों की नई कहानी

Wed Sep 30 , 2026
डायट की पहल से सामने आ रहे गांवों के स्कूलों के बेहतर काम अब तक तीन ब्लॉकों के 31 विद्यालय श्रृंखला में शामिल गोपेश्वर (चमोली)। सीमित संसाधनों के बीच बेहतर पढ़ाई, नए प्रयोग और विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने वाले चमोली जिले के सरकारी विद्यालय अब लोगों के सामने अपनी […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!