गोपेश्वर (चमोली)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चमोली जनपद में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बदरीनाथ धाम से लेकर गौचर और विभिन्न विकासखंडों तक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। मुख्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम गोपेश्वर पुलिस ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां हजारों लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। योग प्रशिक्षक रघुवीर सिंह के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, विभिन्न योगासन और ध्यान का अभ्यास किया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि स्वस्थ जीवन व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए अवश्य देना चाहिए। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने लोगों से योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान 83 वर्षीय भूतपूर्व सैनिक मोहन सिंह गड़िया को वर्षों से नियमित योगाभ्यास कर समाज को प्रेरित करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर की जूनियर महिला खिलाड़ियों ने शानदार योग प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य कार्यक्रम के अलावा बदरीनाथ धाम मंदिर परिसर, आईटीबीपी ग्राउंड गौचर, विभिन्न विकासखंडों, विद्यालयों, कार्यालयों एवं संस्थानों में भी सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

