बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास पहाड़ी पर क्रैश, पायलट समेत छह लोग थे सवार; खराब मौसम में रेस्क्यू अभियान जारी

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा होने की सूचना मिली है। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास मारवाड़ी पुल के ऊपर पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। इनमें पांच यात्री और एक पायलट शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना हो गईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान जोशीमठ क्षेत्र में मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर हादसा होने की सूचना मिली। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर की अंतिम लोकेशन छई गांव के ऊपर स्थित सेना कैंप के आसपास दिखाई दी है। हालांकि, शुरुआती दौर में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हेलीकॉप्टर पूरी तरह क्रैश हुआ है या उसकी क्रैश लैंडिंग हुई है।

हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जाए। साथ ही हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की।

खराब मौसम बना चुनौती

पहाड़ी क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में मुश्किलें आने की आशंका है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता हेलीकॉप्टर की सटीक लोकेशन का पता लगाना और उसमें सवार सभी छह लोगों तक पहुंचना है। हादसे के कारणों और यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

2017 में बदरीनाथ, 2026 में हाथी पर्वत, आठ साल बाद फिर चमोली में हेली हादसा

Fri Oct 30 , 2026
बदरीनाथ से हाथी पर्वत तक दो दुर्घटनाओं ने बढ़ाई चिंता 2017 में बदरीनाथ हेलीपैड पर हादसे में इंजीनियर की गई थी जान अब ज्योतिर्मठ घाटी में छह लोगों को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश खराब मौसम के बीच हवाई सुरक्षा पर फिर उठे सवाल गोपेश्वर (चमोली)। हिमालय की दुर्गम घाटियों […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!