उत्तराखंड : सितारगंज तहसील में विजिलेंस ट्रैप के बाद पूरी रात बवाल, राजस्व कर्मियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार

सितारगंज : उधमसिंह नगर के सितारगंज तहसील परिसर में विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के बाद शुरू हुआ गतिरोध पूरी रात जारी रहा। कर्मचारी संगठनों के विरोध के कारण विजिलेंस टीम रातभर तहसील परिसर में ही रुकी रही। देर रात तक विजिलेंस अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के बीच कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।

घटनाक्रम के दौरान जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर समाधान निकालने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन देर रात तक कोई वरिष्ठ अधिकारी तहसील परिसर नहीं पहुंचा। इससे परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इस बीच ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तार वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा के परिजन भी देर रात तहसील पहुंचे। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

विजिलेंस की कार्रवाई के विरोध में राजस्व कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। राजस्व कर्मचारी संयुक्त परिषद समेत विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। संगठनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि राजस्व वसूली की नियमित और वैधानिक प्रक्रिया को रिश्वतखोरी का मामला बताकर कर्मचारियों की छवि धूमिल की जा रही है। उनका आरोप है कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच किए बिना कार्रवाई किए जाने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

इधर, राजस्व कर्मियों ने प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कार्य बहिष्कार के चलते प्रदेश की तहसीलों में नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र जारी करने, भू-अभिलेख संबंधी कार्य, राजस्व वसूली सहित अन्य राजस्व सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मूसलाधार बारिश से ज्योतिर्मठ के किमाणा गांव में घुसा मलबा, दो परिवार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

Thu Jul 30 , 2026
चमोली। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते ज्योतिर्मठ विकासखंड के किमाणा गांव में एक बार फिर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। गांव के ऊपर स्थित पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पानी का तेज बहाव आबादी क्षेत्र में पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!