खेत में उतरीं डीएम स्वाति एस. भदौरिया, क्रॉप कटिंग से परखी गेहूं की उपज

  • 30 वर्गमीटर प्लॉट में मिली 11 किलो गेहूं की उपज, ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर जानी आजीविका और गांव की जरूरतें

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को तहसील पौड़ी के राजस्व ग्राम मासौं तल्ला पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया। खेत में पहुंचकर उन्होंने न केवल गेहूं की फसल की कटाई की, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के साथ पारंपरिक मंडाई में हाथ बंटाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से उनकी आजीविका, आय के साधनों और गांव की दैनिक जरूरतों की जानकारी ली। ग्रामीण महिलाओं ने बच्चों के स्कूल जाने वाले पैदल मार्ग की समस्या बताई तो जिलाधिकारी ने तत्काल मार्ग की मरम्मत की स्वीकृति देते हुए झाड़ियों की सफाई के लिए अगले ही दिन बुशकटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

30 वर्गमीटर में 11 किलो गेहूं की उपज

राजस्व विभाग की टीम ने किसान वीरेंद्र नेगी के खेत में निर्धारित मानकों के अनुसार 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट तैयार कर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया। निर्धारित क्षेत्रफल में कटाई के बाद 11 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने स्वयं भी खेत में गेहूं की कटाई की और ग्रामीण महिलाओं के साथ पारंपरिक मंडाई कार्य में भाग लिया।

फसल उत्पादन का वैज्ञानिक आकलन

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग फसल की औसत उत्पादकता के आकलन में किया जाता है। निर्धारित क्षेत्रफल में प्राप्त उपज के आधार पर संबंधित फसल की उत्पादकता का वैज्ञानिक तरीके से आकलन किया जाता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर पूरे जनपद में फसल के संभावित उत्पादन का अनुमान तैयार किया जाता है। इससे जिले की कृषि उत्पादकता और उत्पादन से जुड़े वास्तविक आंकड़े तैयार करने में मदद मिलती है।

महिलाओं से जानी आजीविका और आय की स्थिति

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी और ग्रामीणों से गांव की आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर संवाद किया। महिलाओं से बातचीत में उनकी आय, आजीविका से जुड़े कार्यों और परिवार की दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि बच्चों के स्कूल जाने वाले पैदल मार्ग में झाड़ियां उग आने और मार्ग की स्थिति खराब होने से आवागमन में परेशानी हो रही है।

बच्चों के रास्ते की समस्या पर तत्काल कार्रवाई

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पैदल मार्ग की मरम्मत की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही तहसीलदार को अगले दिन ही मार्ग की झाड़ियों की सफाई के लिए बुशकटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे बच्चों के स्कूल आवागमन के रास्ते को सुगम बनाने की कार्रवाई शुरू होगी।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, एलआरओ पूरण प्रकाश, कानूनगो जगदीश चंद्र ओलिया, राजस्व उप निरीक्षक राजेंद्र पटवाल, कुलदीप नेगी, कुलदीप शाह, इंश्योरेंस कंपनी से राकेश शर्मा, सुमित सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

MBBS दाखिलों के 778 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की होगी जांच, दायरे में 778 अभ्यर्थी

Sat Sep 26 , 2026
देहरादून। उत्तराखंड में नीट यूजी काउंसलिंग के दौरान कथित फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का मामला सामने आने के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ गया है। राज्य कोटे के तहत एमबीबीएस और बीडीएस में प्रवेश लेने वाले 778 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया जा […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!