मासूम शर्मा के कार्यक्रम पर बवाल, रद्द नहीं किया तो प्रदर्शन की चेतावनी

  • मूल निवास-भू कानून संघर्ष समिति ने सीएयू को भेजा पत्र
  • बोली—एक अक्टूबर को रायपुर स्टेडियम में कार्यक्रम नहीं होने देंगे

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। मूल निवास-भू कानून समन्वय संघर्ष समिति ने एक अक्टूबर को रायपुर स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम को रद्द करने की मांग करते हुए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को पत्र भेजा है। समिति ने चेतावनी दी है कि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो एक अक्टूबर को स्टेडियम में प्रदर्शन कर कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा।

समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने मंगलवार  को सीएयू अध्यक्ष दीपक मेहरा को भेजे पत्र में कहा कि उत्तराखंड प्रीमियर लीग के दौरान मासूम शर्मा का गीत-संगीत कार्यक्रम प्रस्तावित है। समिति ने मांग की है कि कार्यक्रम तत्काल रद्द किया जाए और भविष्य में भी उन्हें उत्तराखंड में कार्यक्रम के लिए आमंत्रित न किया जाए।

समिति ने अप्रैल में देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में हुए कार्यक्रम का हवाला देते हुए मासूम शर्मा पर मंच से अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। इस मामले में डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था और पुलिस ने गायक को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भी जारी किया था। बाद में मई में मासूम शर्मा देहरादून पहुंचकर पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज करा चुके हैं।

समिति का कहना है कि महिलाओं के अपमान और आपत्तिजनक भाषा के आरोपों से जुड़े विवाद के बाद ऐसे कलाकार को उत्तराखंड में दोबारा मंच दिया जाना उचित नहीं है। समिति ने कहा कि प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय लोक कलाकारों और उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़े कलाकारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पत्र में समिति ने सीएयू से कार्यक्रम रद्द करने की स्पष्ट घोषणा करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि मांग नहीं मानी गई तो एक अक्टूबर को रायपुर स्टेडियम में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा और कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर प्रशासन सख्त, देहरादून के प्रमुख एवं आंतरिक मार्गों का होगा स्थलीय निरीक्षण

Thu Oct 1 , 2026
नामित अधिकारियों को दो दिन में गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की सूची तैयार कर फोटो सहित रिपोर्ट देने के निर्देश देहरादून : मानसून अवधि में वर्षा के कारण नगर निगम देहरादून क्षेत्रांतर्गत प्रमुख मार्गों एवं संपर्क मार्गों पर क्षति तथा मार्गों में गड्ढे उत्पन्न होने से आवागमन में आ रही […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!